अमेरिका के फ्लोरिडा में रहने वाले लोग क्रिसमस पर एक संकट में फंस गए हैं। जानकारी के अनुसार फ्लोरिडा प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि घरों से बाहर संभलकर निकलें, क्योंकि छिपकली ‘इगुआना’ की बारिश हो सकती है। खबर के मुताबिक क्रिसमस पर तापमान काफी ज्यादा कम रहने वाला है और कम तापमान में ‘इगुआना’ फ्रीज होकर पेड़ों से गिरने लगती है। हालांकि, इसके बावजूद वो इस स्थिति में होती हैं कि किसी को नुकसान पहुंचा सकें। यही वजह है कि प्रशासन को चेतावनी जारी करनी पड़ी है।
मियामी की नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, क्रिसमस के दिन और सप्ताहांत में सनशाइन स्टेट फ्लोरिडा में ‘इगुआना’ (Iguanas) छिपकली के लिए खतरनाक स्थिति हो सकती है, क्योंकि तापमान के माइनस 30-40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। बता दें कि ‘इगुआना’ ज्यादा ठंड बर्दाश्त नहीं कर सकती, जिसके चलते वह पेड़ों से गिरने लगती हैं। यह नजारा छिपकली की बारिश जैसा दिखाई देता है।
प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ‘इगुआना’ मरी हुईं प्रतीत हो सकती हैं, लेकिन जमने के बाद भी वो जीवित रहती हैं और नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसके अलावा, ‘इगुआना’ का आकार भी परेशानी की वजह बन सकता है। एक वयस्क नर छिपकली की लम्बाई 5 फीट तक पहुंच सकती है और इसका वजन 20 पाउंड तक हो सकता है। ऐसे में यदि से ऊंचाई से किसी के ऊपर गिरती हैं, तो उसे काफी चोट आ सकती है. इसलिए क्रिसमस पर बाहर निकलते समय सावधानी बरती जानी चाहिए।