झारखंड में रविवार को अचानक मौसम बदल गया। आसमान में बादल छाए रहे और रांची समेत कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। इसके साथ पछुआ हवा बहने के कारण ठंड बढ़ गई है। उधर, मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बादल छंटने के बाद सूबे में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
रविवार को रांची समेत राज्य के मध्य और उत्तरी पश्चिम भाग में बूंदाबांदी के साथ कहीं-कहीं हल्के दर्जे की बारिश भी हुई।पलामू, चतरा, रामगढ़ समेत आसपास के इलाके में कई स्थान पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान विभाग के सोमवार,मंगलवार और बुधवार को को भी कोल्हान, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, पलामू, लातेहार और गढ़वा में हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है।
इधर दिन में सभी इलाके में मौसम शुष्क रहा। सुबह में हल्के से मध्यम कोहरे की धुंध छाया रहा। पश्चिम दिशा से हवा का बहाव होने से लोगों ने कनकनी महसूस की। किसी काम से घर से बाहर निकले लोग भी शरीर पर जैकेट, स्वेटर, शॉल डाले हुए थे। देर शाम लोग ठंड से बचाव के लिए मफलर, टोपी से अपने सिर को ढंके हुए थे। मौसम पूर्वानुमान में आने वाले तीन-चार दिन में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
इस महीने ठंड से राहत की संभावना नहीं
देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण अगले चार दिनों में पश्चिमी और उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के 9 किलोमीटर प्रतिघंटा से चलने की संभावना है। हवा तेज चली तो कोहरा नहीं होगा। लेकिन तापमान में गिरावट आ सकती है। ऐसे में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। दिसंबर के बचे हुए दिनों में ठंड से राहत की संभावना नहीं है।